मनासा। विजयादशमी के अवसर पर नगर परिषद मनासा द्वारा दशहरा मैदान में 41 फीट ऊँचे रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। गुरुवार शाम 6.10 बजे जैसे ही पुतलों में आग लगी, पूरे मैदान में आतिशबाजी का भव्य प्रदर्शन शुरू हुआ जो करीब एक घंटे तक चलता रहा।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी और विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने फीता काटकर सात दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। लाखों की संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से लोग रावण दहन देखने पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन और परिषद कर्मी मुस्तैद रहे।
कार्यक्रम में अखाड़ों के पहलवानों ने रोमांचक करतब दिखाए, वहीं भगोरिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। दशहरे पर रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष परंपरानुसार मनाया जाता है।