नीमच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी पर्व और शताब्दी वर्ष के अवसर पर नीमच में निकाले गए पथ संचलन का भव्य स्वागत किया गया। करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार में कदमताल करते स्वयंसेवकों का शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
नीमच शहर के फोर जीरो चौराहे पर युवा समाजसेवी अशोक अरोरा और समाज के प्रमुखों ने फूलों की वर्षा और आतिशबाजी के साथ स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान विद्वान पंडितों ने राष्ट्रहित के मंत्रोच्चार किए जो लगभग एक घंटे तक चला।
इस अवसर पर अग्रवाल, सिक्ख, तेली, अहीर, जैन, ब्राह्मण, सैनी और अन्य समाजों के प्रमुख एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवकों के प्रति समाज के विभिन्न वर्गों ने अपनी श्रद्धा और समर्थन व्यक्त किया।
समाजसेवी अशोक अरोरा पिछले कई दशकों से राष्ट्रहित और सनातन धर्म के कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धार्मिक, सांस्कृतिक और समाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाते रहे हैं।