मनासा। मनासा विकासखंड के गांव लसुड़िया आंतरी में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की। बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
जानकारी के अनुसार, गांव में बंजारा समाज और बांछड़ा समुदाय के बीच किसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। बंजारा समाज के लोगों का आरोप है कि उनके युवक को पोल से बांधकर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि अधिकृत रूप से नहीं की जा सकती। वहीं बांछड़ा समुदाय के लोगों का कहना है कि उक्त युवक ने उनकी महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की थी, जिसके बाद महिला ने कुकड़ेश्वर थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
थाना प्रभारी भीमसिंह सिसोदिया ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाया गया। बंजारा समाज के युवक बलराम पिता प्रभुलाल बंजारा ने अपने साथ हुई मारपीट को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है, वहीं बांछड़ा समुदाय की महिला ने धारा 394 में बलराम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।