शाजापुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माई भारत युवा संगठन नई दिल्ली के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड स्तर पर युवा स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। ये स्वयंसेवक स्वास्थ्य, साक्षरता, स्वच्छता, लैंगिक समानता और अन्य सामाजिक मुद्दों पर स्थानीय स्तर पर अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करेंगे। शाजापुर जिले के प्रत्येक ब्लॉक में 2 युवा स्वयंसेवकों की नियुक्ति की जाएगी।
पात्रता एवं मानदेय
जिला युवा अधिकारी सागर वाधवानी ने बताया कि आवेदक की शैक्षणिक योग्यता कम से कम दसवीं कक्षा उत्तीर्ण होनी चाहिए। आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2025 तक 18 से 29 वर्ष के बीच हो (जन्म 1 अप्रैल 1996 से 31 मार्च 2007 के बीच)। चयनित स्वयंसेवकों को 2 वर्ष की अवधि के लिए प्रति माह ₹5000 का समग्र मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इन उम्मीदवारों को नहीं मिलेगा अवसर
नियमित छात्र आवेदन के पात्र नहीं हैं। जो स्वयंसेवक पहले NYV (NYKS) में कार्य कर चुके हैं और जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले छोड़ा है या पूरा कर लिया है, वे MY Bharat युवा स्वयंसेवक के रूप में पुनः चयन के लिए पात्र नहीं होंगे।
आवेदन प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन पत्र सफलतापूर्वक जमा करने के बाद आवेदन संख्या स्वचालित रूप से उत्पन्न होगी, जिसका उपयोग भरे हुए आवेदन पत्र के प्रिंट के लिए किया जा सकता है। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को साक्षात्कार के समय आवेदन पत्र की हार्डकॉपी, सभी मूल दस्तावेजों की प्रतियां एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करने होंगे। साक्षात्कार की सूचना केवल ईमेल के माध्यम से दी जाएगी।
आवेदन लिंक: https://nyks.nic.in/nycapp/main.asp
अंतिम तिथि: 5 नवम्बर 2025
इच्छुक अभ्यर्थी उक्त लिंक पर जाकर निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं