चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी टीम और थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से 69 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी विनय चौधरी के सुपरविजन में की गई।

थानाधिकारी तुलसीराम (पु.नि.) के नेतृत्व में टीम ने ऐराल से चितौड़ीखेड़ा रोड पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध सफेद क्रेटा कार को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक के वाहन नहीं रोकने पर पुलिस ने पीछा किया। पीछा करने के दौरान कार ऐराल क्षेत्र में एक थ्री-व्हीलर टेंपो से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

कार की तलाशी में चार प्लास्टिक के कट्टों में 69 किलो 100 ग्राम अवैध अधकूचला अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन एवं मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी धर्मसिंह (38) पुत्र खेमराज जाट, निवासी पाटनिया, थाना शंभूपुरा, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त संबंधी पूछताछ जारी है।

कार्यवाही करने वाली टीम-
थाना कोतवाली पुलिस- थानाधिकारी तुलसीराम (पु.नि.), एएसआई हिम्मत सिंह, कानि. ओमप्रकाश, लक्ष्मण सिंह, गजेन्द्र सिंह।

डीएसटी टीम- हैड कानि. भूपेन्द्र सिंह, कानि. दीपक, राजदीप सिंह