नीमच। शहर के तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर इन दिनों भक्ति, आस्था और उल्लास का केंद्र बना हुआ है। देव उठनी एकादशी एवं श्री श्याम बाबा के पाटोत्सव एवं जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में यहाँ तीन दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का शुभारंभ 31 अक्टूबर को हुआ था, जो 2 नवंबर तक चलेगा।
आज देव उठनी ग्यारस के पावन अवसर पर सुबह से ही भक्तों का अविरल तांता बाबा के दरबार में लगा हुआ है। श्रद्धालु दर्शन कर श्याम बाबा और भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
मंदिर परिसर को इस महोत्सव के लिए वृंदावन की अलौकिक तर्ज पर सजाया गया है। पूरे परिसर को आकर्षक रोशनी और पुष्प सज्जा से आलोकित किया गया है, जिसकी झिलमिलाहट देखते ही बनती है। समिति के सदस्यों ने बताया कि आज श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार कोलकाता और दिल्ली से मंगाए गए रंग-बिरंगे व सुगंधित फूलों से किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, देव उठनी ग्यारस के दिन भगवान विष्णु अपनी चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं, जिसके साथ ही सभी मांगलिक कार्यों की पुनः शुरुआत होती है। यही दिन श्याम बाबा का जन्मोत्सव भी माना जाता है, जिसे भक्तगण बड़े हर्षाेल्लास से मनाते हैं।
तीन दिवसीय महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर परिसर में भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम का समापन 2 नवंबर को एक विशाल संकीर्तन के साथ होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस दिव्य महोत्सव में सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें।