नीमच। जिले के औद्योगिक क्षेत्र झांझरवाड़ा में स्थित भारत के सबसे अत्याधुनिक बाबजी एएसी ब्लॉक प्लांट का आज जीरन तहसील के सोनियाना के शासकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने एक्सपोजर विज़िट किया।
शिक्षक रामप्रसाद जाटव, शिक्षक मांगीलाल प्रजापत व शिक्षिका संतोष शर्मा के नेतृत्व में शनिवार दोपहर 12 बजे कक्षा 6 से 8 तक के करीब 20 से ज्यादा विद्यार्थियों ने विजिट किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक निर्माण तकनीकों को नजदीक से देखा और समझा कि किस तरह पारंपरिक ईंटों की जगह एएसी ब्लॉक उपयोग कर भवन निर्माण को अधिक सरल, किफायती और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। आपकों बता दें कि बाबजी का यह प्लांट देश के सबसे अत्याधुनिक डबल एसी ब्लॉक निर्माण की इकाइयों में से एक है।

इस दौरान विद्यार्थियों को प्लांट प्रवक्ता ने बताया कि बाबजी एएसी ब्लॉक की विभिन्न सरकारी एवं निजी प्रयोगशालाओं में हुई टेस्टिंग में इसकी गुणवत्ता हर बार प्रमाणित हुई है। इसकी मजबूती, टिकाऊपन और तकनीकी श्रेष्ठता इसे राष्ट्र निर्माण में एक मजबूत विकल्प बनाती है। यही कारण है कि यह ब्लॉक अब लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग बोर्ड, सीएम राइज स्कूल, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल निगम और गांधी सागर प्रोजेक्ट जैसे शासकीय कार्यों में भी उपयोग किया जा रहा है।
