मंदसौर। शहर के सीतामऊ फाटक क्षेत्र स्थित सेंट थॉमस स्कूल में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर के कुएं में जहरीला सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही स्कूल स्टाफ और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाने से सहायक उपनिरीक्षक अजय पाल और आरक्षक रशीद मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कुएं की गहराई और सांप के आकार का आकलन कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
एएसआई अजय पाल ने बताया कि सांप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह रसल वाइपर प्रजाति का सांप था, जिसे स्थानीय भाषा में “चिट्ठी” कहा जाता है। यह भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में से एक माना जाता है।