नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं के लिए मध्य प्रदेश सामान्य ज्ञान, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में पूजा प्रथम, सपना बैरागी द्वितीय और लकी पारवानी तृतीय रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की, जबकि मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विजय बाफना रहे।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. कालानी ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का नाम देश और विश्व स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया। निर्णायक के रूप में प्रो. संजय बिजोलिया, डॉ. अमृता सोनी और प्रो. मनोज धाकड़ उपस्थित रहे। संचालन प्रो. हीर सिंह राजपूत ने किया तथा आभार प्रो. सुनील कुमावत ने माना। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।