नीमच। वीरेंद्र कुमार सखलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आज “वन वर्ल्ड, वन हेल्थ” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से “वन हेल्थ अवेयरनेस रैली” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (IAPSM) तथा इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। यह दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग का पहला अवसर रहा। इस पहल का उद्देश्य मानव, पशु और पर्यावरण तीनों के स्वास्थ्य के आपसी संबंध को समझना और “वन वर्ल्ड, वन हेल्थ” के सिद्धांत को सशक्त बनाना है।
रैली का शुभारंभ आज दोपहर 3 बजे अकादमिक ब्लॉक के समक्ष किया गया, जिसमें विभिन्न संकायों के चिकित्सक, इंटर्न डॉक्टर और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा किया गया।
विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू वाघमारे ने वन वर्ल्ड, वन हेल्थ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव, पशु, पौधों, मिट्टी, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र से संबंधित अनुसंधान और ज्ञान को साझा करना आवश्यक है, जिससे सभी प्रजातियों के स्वास्थ्य में सुधार और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर फैकल्टी सदस्य डॉ. मुस्तफा अली, डॉ. फातिमा अली भोपालवाला, डॉ. पुनीत आचार्य, डॉ. कृष्णा कुमार कारपेंटर, डॉ. आशा मिश्रा, डॉ. गायत्री यादव, डॉ. आशीष मिश्रा एवं डॉ. आर्यश्री एल उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और एक स्वर में “वन वर्ल्ड, वन हेल्थ” के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कॉलेज के डीन डॉ. आदित्य बेरड़ ने कहा कि यह पहल “हेल्थ फॉर ऑल” के विचार को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।