मंडला। ग्रामीण विकास और पंचायती राज से जुड़ी संसदीय स्थायी समिति ने मंडला जिले के गांवों में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों के अध्ययन के बाद गुरुवार को कान्हा टाइगर रिजर्व की सफारी की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने विभिन्न वन्यजीवों के साथ कान्हा जोन में एक बाघ के भी देखा।
सफारी के दौरान कान्हा के फील्ड डायरेक्टर रवींद्र मणि त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। उन्होंने संसदीय दल को पार्क प्रबंधन के कार्यों और कान्हा की विशेषताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
संसदीय दल के सदस्यों ने पार्क में बाघ संरक्षण (टाइगर कंजर्वेशन) और घासभूमि प्रबंधन (ग्रासलैंड मैनेजमेंट) के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
संसदीय दल ने योजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया
इससे पहले, संसदीय दल ने बुधवार को मंडला जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर वहां चल रही योजनाओं का जमीनी निरीक्षण किया था। समिति के अध्यक्ष सांसद सप्तगिरी शंकर उलाका के नेतृत्व में बीजाडांडी और नारायणगंज विकासखंड के गांवों में विकास कार्यों का विस्तृत अध्ययन किया गया।