उज्जैन। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर एक भारत श्रेष्ठ भारत का संकल्प लेकर शुक्रवार को शहीद पार्क से करीब डेढ़ किलोमीटर का पैदल मार्च शुरू हुआ। इस मार्च में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन, स्कूली बच्चे और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा दी गई मलखंभ की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद सांस्कृतिक नृत्य के साथ बच्चों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं। भारत माता की आरती के बाद सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व सांसद सत्यनारायण जटिया, महापौर मुकेश टटवाल और निगम सभापति कलावती यादव ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने शहीद पार्क पर शहीदों को नमन कर हरी झड़ी दिखाकर पैदल मार्च की शुरुआत की।
पैदल मार्च टावर से होकर चामुंडा माता चौराहा, मालीपुरा होते हुए फव्वारा चोक तक गया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुआ। इसके बाद 25 नवंबर को नागदा में भी इसी तरह का एक मार्च आयोजित किया जाएगा।
सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने Sardar@150 Unity March की शुरुआत की थी। यह भारत सरकार और माय भारत की पहल है, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है।