उज्जैन। पुलिस की कार्यप्रणाली सुधारने और अनुशासन बनाए रखने के लिए एसपी प्रदीप शर्मा ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे नीलगंगा थाने पर अचानक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे एसपी थाने के बाहर रखी कुर्सी पर बैठ गए और वहीं पुलिसकर्मियों की उपस्थिति व कार्य स्थिति की जानकारी लेना शुरू कर दी।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि थाने में पदस्थ कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित हैं। इस पर एसपी ने तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करते हुए सभी अनुपस्थित पुलिसकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं थाने में सफाई पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई रखने के निर्देश दिए।
30 मिनट का सघन निरीक्षण,कई खामियां उजागर
करीब आधे घंटे तक एसपी थाने में रहे और रिकॉर्ड कक्ष, मालखाना व सीसीटीवी संचालन कक्ष का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उन्होंने थाना डायरी, अपराध पुस्तिका, लंबित प्रकरणों की प्रगति, स्टाफ की उपस्थिति व अनुशासन और बीट व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया।
थाने की स्वच्छता पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान एसपी थाने की सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट दिखाई दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने की स्वच्छता और रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। एसपी प्रदीप शर्मा ने थाने के समस्त स्टाफ को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुशासन और उपस्थिति पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की प्रगति तेज की जाए और थाने की व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से दुरुस्त रखा जाए।