देवास। शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनोज राजानी ने अपने स्वर्गीय भाई कैलाश राजानी की पुण्यतिथि को समाज के लिए एक प्रेरणा दिवस बना दिया। सड़क दुर्घटना में दुखद निधन होने के बाद, उनकी याद में सैयाजी चौराहा पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया, जहां लगभग ढाई सौ हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को वितरित किए गए।
इस अवसर पर मनोज राजानी भावुक हो गए। उन्होंने कहा-“मेरे भाई को हम वापस नहीं ला सकते, लेकिन यदि एक भी जिंदगी बच गई तो कैलाश की आत्मा को सच्ची शांति मिलेगी। कृपया सड़क पर निकलते समय हेलमेट जरूर पहनें, आपका परिवार आपका इंतजार करता है।”
आयोजन में उपस्थित पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी और कांग्रेस परिवार ने आम नागरिकों से अपील की कि जीवन अनमोल है, लापरवाही नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि स्व. कैलाश राजानी की स्मृति में यह अभियान शुरू किया गया है ताकि किसी भी परिवार को उस पीड़ा से न गुजरना पड़े जिससे उनका परिवार गुजरा है।
अभियान में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए और सड़क सुरक्षा का संकल्प लिया। “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा कृ हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें।”