सिंगोली। पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिंगोली निरीक्षक भुरालाल भाबर के नेतृत्व में सिंगोली पुलिस ने विद्युत केबल चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई विद्युत केबल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2026 को फरियादी पारसमल पिता मोहनलाल धाकड़, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम फुसरिया थाना सिंगोली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत पर लगे ट्यूबवेल की केबल अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए हैं। साथ ही आसपास के गांव जराड़, पटीयाल, धोगवा एवं फुसरिया में भी केबल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त था।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिंगोली में अपराध क्रमांक 07/2026 धारा 303(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की, जिन्होंने क्षेत्र में केबल चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश पिता जगदीश शर्मा, निवासी माधुविलास (हाल मुकाम तिलस्वा) एवं राजू उर्फ राहुल पिता भागीरथ भील, निवासी आरोली शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद कर उन्हें माननीय न्यायालय जावद में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भुरालाल भाबर एवं सिंगोली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।