रामपुरा। नगर के शासकीय चिकित्सालय में कोविड केयर हेतु निर्मित डोम एवं पेवर ब्लॉक का विधिवत फीता काटकर भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कोविड केयर डोम के निर्माण से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
विधायक मारू ने बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मरीजों को राहत प्रदान करने के लिए कूलर की व्यवस्था पहले से ही कर दी गई है। साथ ही चिकित्सालय में आवश्यक डॉक्टरों की नियुक्ति भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने जीबीएस वायरस की रोकथाम को लेकर आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों में यदि इससे संबंधित कोई भी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकों को सूचना दें और विशेष ध्यान रखें। साथ ही नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपयोग करने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम से पूर्व कोविड केयर डोम का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया गया। स्वागत भाषण मंडल अध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने दिया।
समारोह में जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय, जिला उपाध्यक्ष टीना चंदन देवड़ा, नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा जितेंद्र जागीदार, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश जैन, विधायक प्रतिनिधि दीपक मरच्या, सांसद प्रतिनिधि विजय दानगढ़, मंडल महामंत्री कैलाश देवड़ा, दिलखुश मानक अहिरवार, मनासा मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्दोत मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद पाटीदार ने आभार व्यक्त किया। संचालन अजय विश्वास जोशी ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता तथा नगर व क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कोविड केयर डोम के निर्माण से क्षेत्र के मरीजों को निश्चित रूप से समुचित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।