प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ से अरनोद की ओर जा रही वेन्यू कार (क्रमांक आरजे-35-सीए-3641) आमलीखेड़ा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मृतक की पहचान दुर्गालाल नागर पिता मांगीलाल नागर, उम्र 40 वर्ष, निवासी रावतभाटा जिला चित्तौड़गढ़, हाल निवासी दलोट थाना सलामगढ़ के रूप में हुई है। वह बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर पदस्थ था। दुर्घटना में सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
कार में कुल तीन व्यक्ति सवार थे। हादसे में दो अन्य बिजली विभाग के कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें रविशंकर पाटीदार (एईएन) एवं संदीप सैनी (लाइनमैन) शामिल हैं। दोनों घायलों का जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ में उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों एवं राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित कर मार्ग को पुनः सुचारू कराया।
108 एंबुलेंस की सहायता से मृतक एवं घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दुर्गालाल नागर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं दोनों घायल कर्मचारियों का शनिवार रात लगभग 9.30 बजे तक उपचार जारी था।