मंदसौर। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र में रविवार रात आपत्तिजनक गतिविधियों की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जेल भेज दिया। तेज आवाज में फिल्मी गानों पर नाच-गाने और मुजरा जैसी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति भंग होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।

मामला दलौदा के अंबिका नगर क्षेत्र का है, जहां सुनील टेलर के मकान में किराए से रह रहे एक दंपती के घर देर रात तेज साउंड पर “बिल्लो रानी कहो तो अभी जान दे दूं” और “राणा जी मुझे माफ करना” जैसे गानों पर नाच-गाना किया जा रहा था। पड़ोसियों के अनुसार यह गतिविधियां खुले तौर पर मुजरे जैसी प्रतीत हो रही थीं, जिससे आसपास के रहवासी परेशान थे।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें थाने ले जाया गया। जांच में सामने आया कि महिला अपने पति की मौजूदगी में उसके दोस्त के साथ डांस कर रही थी।

सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने रमेश भील और अनिल कीर को सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में जेल भेजने के आदेश दिए। वहीं महिला को न्यायालय से रिहा कर दिया गया। बताया गया है कि रमेश भील पशुपालन विभाग में पदस्थ पशु चिकित्सक है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों या रिहायशी क्षेत्रों में अशोभनीय गतिविधियों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
