देवास। शहर में खुलेआम गली-गली बिक रही अवैध शराब के खिलाफ युवक कांग्रेस ने शुक्रवार को अनोखे और तीखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ नारेबाजी की, बल्कि ठेले में शराब की खाली बोतलें रखकर प्रशासन को आईना दिखाया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था-“नशे में डूबता देवास” “जिस प्रदेश का पानी इतना जहरीला, वहां शराब कितनी जहरीली होगी?”
यह विरोध प्रदर्शन पूर्व युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह गोड़ के नेतृत्व में किया गया। नावेल्टी चौराहा पर ठेले में शराब की खाली बोतलें सजाकर कांग्रेस जनों ने वहीं से नावेल्टी चौराहा से सयाजी द्वार तक रैली निकाली और जमकर नारे लगाए।
जितेन्द्र सिंह गोड़ ने सीधे तौर पर आबकारी विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में अवैध शराब विभागीय संरक्षण में बिक रही है।
उन्होंने कहाकृ“युवक कांग्रेस लगातार अवैध शराब के खिलाफ आवाज उठा रही है। जब तक देवास में गली-गली बिक रही शराब बंद नहीं होगी, हमारा विरोध जारी रहेगा। आबकारी विभाग चाहता है कि घर-घर शराब बिके, इसी सोच के खिलाफ हमने खाली बोतलें लोगों को दिखाईं।
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज राजानी, वर्तमान शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शहर में बढ़ते नशे और प्रशासन की चुप्पी को लेकर इस प्रदर्शन ने साफ संदेश दे दिया है-अब अवैध शराब पर चुप्पी नहीं, सड़कों पर संघर्ष होगा।