चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना पारसोली ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को नाकाबंदी के दौरान एक फॉक्स कार से 44.330 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया और एक महिला व एक पुरुष को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के परिवहन को रोकने के लिए एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी पारसोली शिवराज राव के नेतृत्व में टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 (चित्तौड़गढ़-कोटा लेन), काटून्दा सर्विस रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान काटून्दा अंडरब्रिज की ओर से आ रही मारुति सुजुकी फॉक्स कार को रोका गया।
कार में सवार एक पुरुष व एक महिला पुलिस को देखकर घबरा गए। तलाशी लेने पर कार की पीछे सीट के आगे पैरों के पास तथा डिक्की में 3 काले/पीले प्लास्टिक कट्टों में कुल 44.330 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने अफीम डोडाचूरा और कार जब्त कर आरोपी कार चालक महादेव (57) पुत्र हरलाल जाट, निवासी अगरपुरा थाना सदर भीलवाड़ा तथा उसके साथ बैठी प्रेम (55) पत्नी महादेव जाट, पुत्री काशीराम जाट, निवासी लखमणियास थाना कोटडी हाल अगरपुरा थाना सदर भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया। पारसोली थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।