नीमच। शहर में चैन स्नैचिंग की एक वारदात सामने आई है। विजय टॉकीज चौराहा क्षेत्र की निवासी अरुणा जैन अपनी सहेली के साथ शुक्रवार शाम को स्कूटी से अल्कलॉइड कॉलोनी स्थित लक्ष्मी चाट क्षेत्र से जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनसे नाम-पता पूछने के बहाने बातचीत की और मौका पाकर सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पल्सर बाइक पर सवार था, उसने भूरे रंग का जैकेट पहन रखा था तथा मुंह ढंक रखा था। बाइक का रंग नीला-काला बताया जा रहा है। छीनी गई चेन का वजन लगभग 3 तोला बताया गया है। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर कैंट थाना में मामला दर्ज किया गया है।
कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। उनके निर्देश पर क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई गई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की तलाश जारी है।