नीमच। उपनगर बघाना के वार्ड नंबर 36 में रहने वाले 32 वर्षीय मोहसिन पिता मोहम्मद हनीफ ने कर्ज़ और ब्याजखोरों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण बीती शुक्रवार दोपहर सल्फास खा लिया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन लगातार इलाज के बावजूद आज सुबह उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में कोहराम मच गया है।

मोहसिन मंडी में हम्माली का काम करता था। परिजनों का आरोप है कि वह लंबे समय से कर्ज़ के जाल में फंसा हुआ था और ब्याजखोरों द्वारा हर सप्ताह वसूली का दबाव बनाया जाता था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। मृतक ने मौत से पहले बघाना निवासी हिना, पाण्डु और जैपुरिया का नाम लेते हुए उन्हें अपनी परेशानी का जिम्मेदार ठहराया था। परिजन दावा कर रहे हैं कि ये लोग ब्याज पर पैसे देकर वसूली का दबाव बनाते थे, जिससे मोहसिन पूरी तरह टूट गया।

मोहसिन के परिजन पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मोहसिन के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। मोहसिन की मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मोहसिन शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है।
