चित्तौड़गढ़। जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 220 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की है। दोनों आरोपी प्रतापगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा शनिवार को हाईवे रोड स्थित वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी की जा रही थी।

नाकाबंदी के दौरान नीमचदृप्रतापगढ़ की ओर से आ रही एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी में बाइक सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 220 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्मैक व मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय राहुल पुत्र भेरूलाल मीणा, निवासी जिरावता थाना कोटड़ी जिला प्रतापगढ़ एवं 20 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र भीमराज मीणा, निवासी भेरूखाखरा थाना कोटड़ी जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध सदर निम्बाहेड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी स्मैक कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी।
