खरगोन। शहर के डायवर्सन रोड़ पर जवाहर मार्ग को जोड़ने वाला डिवायडर के बीच का रास्ता एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बना। यहां बाईक से जवाहर मार्ग की ओर मुड़ रही एक बाईक सवार को तेज रफ्तार में आ रहे डंपर वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक टक्कर मार दी। हादसे में बाईक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के समय मार्ग से गुजर रहे विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए वाहन रुकवाया और घायल की मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने तत्काल अन्य वाहन की व्यवस्था कराते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद सिविल सर्जन से मोबाइल पर संपर्क कर घायल के उचित उपचार कराने की व्यवस्था के निर्देश दिए। मार्ग अवरुद्ध होते देख पुलिस को भी सूचना देकर मौके पर बुलवाया। हालांकि घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार गंगाराम खन्ना निवासी नागरखेड़ी हाल मुकाम इंद्रप्रस्थ कॉलोनी खरगोन सोमवार शाम करीब 6.30 बजे सड़क हादसे के शिकार हुए। घायल खन्ना ने बताया वह कसरावद न्यायालय में पदस्थ है। वे अपने रिश्तेदार के साथ बाईक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डायवर्सन रोड़ पर डिवाईडर क्रास कर जवाहर मार्ग की ओर माईक मोड़ना चाहा, इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
5 फीट तक घसीटता ले गया डंपर चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बाईक चालक सहित डंपर के अगले हिस्से में जा फंसी, जिसके बाद डंपर बाईक सहित सवार को करीब 5 फीट तक घसीटता रहा। इसके बाद वाहन रुका। हादसे में बाईक सवार एक अन्य युवक को हल्की चोंटे आई है। डॉ. धीरेंद्र पंवार ने बताया घायल खन्ना को पैर में गहरें जख्म हुए थे, आईसीयू में प्राथमिक उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।