चित्तौड़गढ़। करीब 20 वर्ष पूर्व 25 क्विंटल से अधिक अफीम डोडाचूरा मंगवाने के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगमालाराम के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 10 अक्टूबर 2015 को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 2560 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया था। इस मामले में ट्रक चालक शेरा राम पुत्र हरजी राम जाट निवासी भेड़, थाना लोहावट, जिला जोधपुर तथा अनुसंधान के बाद ओमप्रकाश पुत्र माला राम विश्नोई निवासी लोहावट, जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया गया था।

मामले में वांछित अभियुक्त बाबूराम पुत्र हरूराम जाट निवासी सगराली, जगमालाराम पुत्र मांगीलाल जाट निवासी पल्ली थाना लोहावट, महीराम निवासी लोहावट एवं गोविंद चौधरी की तलाश की जा रही थी।

लंबे समय से फरार वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन, डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन तथा थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेड़ा पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम द्वारा वांछित आरोपी जगमालाराम पुत्र मांगीलाल (गोद पुत्र आईदाना राम) जाट निवासी कडवासरा, नगर पल्ली, पुलिस थाना मतौड़ा, जिला फलौदी (राजस्थान) को डिटेन कर पूछताछ एवं अनुसंधान किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कन्हैयालाल, हेड कांस्टेबल हरविंद्र सिंह तथा कांस्टेबल रणजीत, जगदीश और हेमंत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
