चित्तौड़गढ़। पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी के आदेशानुसार एवं एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक यातायात चित्तौड़गढ़ शिव प्रकाश के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को यातायात थाना चित्तौड़गढ़ द्वारा विशेष अभियान चलाकर दुपहिया वाहनों पर अवैध रूप से लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ऐसे वाहनों को चिन्हित किया गया, जिनके मॉडिफाइड साइलेंसर से अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण हो रहा था, जिससे आमजन को असुविधा के साथ-साथ कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
यातायात पुलिस द्वारा मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर को खुलवाकर जब्त किया गया तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में इस प्रकार के अवैध उपकरणों का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा अनुमोदित साइलेंसर का ही उपयोग करें, अनावश्यक शोर उत्पन्न करने वाले उपकरण न लगाएं तथा यातायात नियमों की पूर्ण पालना करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा शहर में सुरक्षित, शांत एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।