चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प कलश वंदन यात्रा का चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को कपासन विधानसभा के मातृकुंडिया स्थित संत रविदास मंदिर से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अर्जुनलाल जीनगर थे, जबकि अध्यक्षता लोकसभा संयोजक पिंकेश पोरवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री कैलाश मंत्री, जिला महामंत्री रघु शर्मा, गोवर्धन जाट, मंडल अध्यक्ष सुरेश जाट, नारायणलाल अहीर, जिला उपाध्यक्ष सुशीला जीनगर, रतनलाल अहीर तथा रथ सह-संयोजक सोहनलाल खटीक उपस्थित रहे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने संत रविदास को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने समाज के वंचित वर्ग को सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान किया। उनका श्बेगमपुराश् का विचार भेदभाव रहित समाज की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
लोकसभा संयोजक पिंकेश पोरवाल ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। जिला संयोजक कैलाश मंत्री ने जिले में यात्रा के भ्रमण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के माध्यम से संत रविदास के संदेश को प्रत्येक समाज और प्रत्येक घर तक पहुंचाया जाएगा।
जिला महामंत्री एवं सह-संयोजक रघु शर्मा ने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जातिवाद, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को समरसता, समानता और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में संत छोगा महाराज, नारायणदास महाराज, रतनदास महाराज, दलीचंद महाराज, मिठुलाल महाराज एवं देवीलाल महाराज की पावन उपस्थिति में कलश पूजन के बाद रथ यात्रा को रवाना किया गया। इस अवसर पर ब्रजलता कुमारी, सतु सुखवाल, रतन जीनगर, पप्पू जटिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।