नीमच। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा जिले में 1962 पशु संजीवनी सेवा के अंतर्गत घर पहुंच पशु उपचार सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इस सेवा का लाभ जिले का कोई भी पशुपालक 1962 पर कॉल कर प्राप्त कर सकता है।
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ. राजेश पाटीदार ने बताया कि पशुपालकों को घर बैठे पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक विकासखंड में पशु संजीवनी 1962 के तहत दो-दो वाहन संचालित किए जा रहे हैं। पशुपालक इस सेवा के लिए 1962 पर कॉल कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 1962 सेवा के माध्यम से पशुपालक पशु उपचार, टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान जैसी सेवाएं शासन द्वारा निर्धारित शुल्क का भुगतान कर प्राप्त कर सकते हैं। कई बार पशुओं को उपचार या कृत्रिम गर्भाधान के लिए विभागीय संस्थाओं तक ले जाना पशुपालक एवं पशु दोनों के लिए जोखिम भरा होता है, साथ ही इसमें समय भी अधिक लगता है। ऐसी स्थिति में यह सेवा अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
डॉ. पाटीदार ने बताया कि 1962 कॉल सेंटर प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहता है, तथा अवकाश के दिनों में भी यह सेवा जारी रहती है। उन्होंने जिले के सभी पशुपालकों से इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की है।