नीमच। “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित रेडक्रॉस भवन में निःशुल्क नेत्र रोग जांच एवं मोतियाबिंद परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नेत्र परीक्षण एवं परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में 200 से अधिक मरीजों का पंजीयन कर उनकी विस्तृत नेत्र जांच की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय सहभागिता रही। कलेक्टर चंद्रा ने शिविर स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारतीय सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यकतानुसार दवाइयां प्रदान की गईं, उपचार संबंधी परामर्श दिया गया तथा मोतियाबिंद से पीड़ित संभावित मरीजों का चिन्हांकन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में चरणबद्ध रूप से ऐसे नेत्र जांच शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिससे दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं उपचार की सुविधा मिल सके।