प्रतापगढ़। आगामी 12 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ से जिला परीक्षा संचालन समिति के निर्देशानुसार एवं बोर्ड मानदंडों के अनुरूप प्रश्न पत्रों का वितरण सफलतापूर्वक किया गया।
प्रश्न पत्र वितरण से पूर्व सभी केंद्र अधीक्षकों का पुनः प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें परीक्षा को अत्यंत संवेदनशील दायित्व बताते हुए अनुशासन एवं जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कमलेश तेतरवाल ने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही शिक्षक समाज की छवि को प्रभावित कर सकती है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले में कोई भी संवेदनशील या अति-संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है। बोर्ड परीक्षा से संबंधित बैठक पूर्व में जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया की अध्यक्षता में आयोजित की जा चुकी है।
निर्देशानुसार जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 9 फरवरी से परीक्षा समाप्ति तक तथा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 5 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक संचालित रहेगा। सभी प्रश्न पत्र संबंधित थाना/चौकी में सुरक्षित रखे जाएंगे।
प्रश्न पत्र लिफाफों की रंग व्यवस्था इस प्रकार निर्धारित की गई है-
उच्च माध्यमिक (प्रवेशिका) गुलाबी/लाल, वरिष्ठ उपाध्याय हरा, उच्च माध्यमिक नीला, माध्यमिक पीली पट्टी युक्त।
जिले के 74 परीक्षा केंद्रों के लिए चार रूटों से बंद वाहनों द्वारा सशस्त्र सुरक्षा में प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया। प्रत्येक वाहन में सशस्त्र सुरक्षाकर्मी एवं राजपत्रित अधिकारी तैनात रहे। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लालूराम जायसवाल, उपाचार्य दीपक पंचोली, कंट्रोल रूम प्रभारी पीयूष भट्ट सहित सभी केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे।