मंदसौर। शहर के अभिनंदन क्षेत्र स्थित त्रिलोक नगर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक घर में जहरीला कॉमन करैत सांप मिलने से परिवार में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर सर्पमित्र कमल दास बैरागी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया।
सर्पमित्र कमल दास बैरागी ने बताया कि कॉमन करैत भारत के सबसे विषैले सांपों में शामिल है। यह सांप मुख्य रूप से रात के समय सक्रिय रहता है और अक्सर घरों में बिस्तर, कपड़ों या अन्य सुरक्षित स्थानों में छिप जाता है।
उन्होंने बताया कि करैत के काटने का कई बार तुरंत पता नहीं चल पाता, क्योंकि इसका डंक हल्का महसूस हो सकता है। इसका जहर सीधे तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) पर प्रभाव डालता है। इसके बाद पेट दर्द, उल्टी, कमजोरी, बोलने में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
सर्पमित्र ने लोगों से अपील की कि घरों में सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ या सर्पमित्र को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध सांप के काटने की स्थिति में समय बर्बाद किए बिना तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए, ताकि समय पर उपचार मिल सके।