उज्जैन। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर सरकारी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी 12 अगस्त को पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था (5-Day Banking) लागू करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बैंक यूनियनों का कहना है कि सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच सहमति बनने के बावजूद अब तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
उज्जैन में बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी 12 अगस्त को शाम 5 बजे बैंकिंग कार्य समाप्त होने के बाद टावर चौराहा और ट्रेजर मॉल के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे।
यूनियनों के अनुसार 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने पर लिखित सहमति बनी थी। केंद्र सरकार ने भी इसे लागू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन वित्त मंत्रालय की ओर से अब तक आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
एनसीबीई के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं इंडियन ओवरसीज बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के प्रदेश सचिव विपिन सिंह सतोरिया ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), एलआईसी (LIC) और केंद्र सरकार के अधिकांश कार्यालयों में पहले से ही पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। ऐसे में सरकारी बैंकों के कर्मचारियों को यह सुविधा नहीं मिलना उचित नहीं है।
बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द अधिसूचना जारी कर अपनी प्रतिबद्धता पूरी नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।