नीमच। प्रस्तावित सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर पालक महासंघ जिला इकाई नीमच ने गुरुवार को जन-अभियान चलाकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। महासंघ के पदाधिकारी एवं अभिभावक हाथों में "अच्छी शिक्षा-सस्ती शिक्षा-सबको शिक्षा", "शिक्षा का व्यवसायीकरण बंद हो" और "हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले" जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर विधायक दिलीपसिंह परिहार के निवास पहुंचे और उन्हें मांगपत्र सौंपा।
अभियान की शुरुआत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के बास्केटबॉल मैदान पर मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद पालक महासंघ के पदाधिकारी, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता विधायक निवास पहुंचे और विद्यालय निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग रखी।
पालक महासंघ ने पत्र के माध्यम से बताया कि लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीएम राइज (सांदीपनि) विद्यालय की स्वीकृति दो वर्ष पूर्व मिल चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। महासंघ का कहना है कि देरी के कारण जिले के हजारों विद्यार्थी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।
महासंघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के समर्थन में है। उन्होंने मांग की कि स्वतंत्रता दिवस से पहले विद्यालय निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ मिल सके।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने तथा निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।