नीमच। नीमच सिटी में सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में लगातार बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ परिसर में लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य, अफीम क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट, रेलवे विस्तार तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से क्षेत्र को मजबूती मिली है।
सांसद गुप्ता ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए भी सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार की तुलना में वर्तमान सरकार के विकास कार्यों को अधिक व्यापक बताया तथा विपक्ष और राहुल गांधी के संसद में आचरण पर भी तीखे प्रहार किए।
सांसद गुप्ता हिंगोरिया बालाजी से नीमच सिटी मठ मार्ग निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मीणा मोहल्ला, नीमच सिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 2.55 किलोमीटर लंबे मार्ग का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस सड़क के निर्माण से नीमच सिटी क्षेत्र के नागरिकों को एक वैकल्पिक मार्ग की सुविधा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण, नालों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नीमच सिटी नाले के सौंदर्यीकरण के लिए भी साढ़े तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और शीघ्र ही इसका कार्य धरातल पर दिखाई देगा।
भूमिपूजन समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, महेंद्र सिंह भटनागर, आदित्य मालू, दारासिंह यादव, किरण शर्मा, राकेश किलोरिया, रामचंद्र धनगर, दुर्गाशंकर भील सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय बाफना ने किया।