शहडोल। सीएम डॉक्टर मोहन यादव शहडोल के धनपुरी नगर पहुंचे। सीएम अभी नपा की ओर से निर्मित वाटर पार्क का लोकार्पण कर रहे हैं। आज सीएम 767 करोड़ रुपए लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। सीएम ने दीप प्रज्वलन कर मंच का शुभारंभ किया।
सीएम दौरे का कांग्रेस नेता ने किया विरोध
सीएम के पहुंचने से पहले कांग्रेस ने सीएम के दौरे का जमकर विरोध किया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम को काले झंडे दिखाने की कोशिश की। बुढार पुलिस कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं को बस में भरकर बुढार थाना ले गई।
वहां थाना के अंदर पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने सीएम मुर्दाबाद और हाय हाय के नारे लगा दिए। इसके बाद थाना में ही रघुपति राघव राजाराम का पाठ किया। वहीं अमलाई पुलिस ने भी एसईसीएल रामपुर बटूरा प्रोजेक्ट के प्रभावित किसानों को रोक कर अमलाई थाना ले गई।
प्रभावित किसान अपनी समस्या को लेकर सीएम से मिलना चाहते थे, जिन्हें थाना में बैठाकर पुलिस ने यह आश्वासन दिया है कि उन्हें हेलीपैड में सीएम से मिलाया जाएगा। सीएम अभी वाटर पार्क के लोकार्पण समारोह में ही शिकरत कर रहे हैं।
20 करोड़ के आधुनिक वाटर पार्क का करेंगे लोकार्पण
सीएम के प्रवास के दौरान जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। धनपुरी नगरपालिका की ओर से 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक वाटर पार्क का मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे।
इस वाटर पार्क में क्लब हाउस, स्विमिंग पूल सहित बच्चों और युवाओं के मनोरंजन की आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्विमिंग पूल का निर्माण मिनी ओलंपिक मानकों के अनुसार किया गया है।
मुख्यमंत्री माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे
जयसिंहनगर जनपद क्षेत्र के सीतामढ़ी धाम, ग्राम गंधिया में मुख्यमंत्री माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। यह स्थल श्रीराम वनगमन पथ से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने दंडकारण्य में प्रवेश से पूर्व गंधिया में विश्राम किया था। यहां माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर भी स्थित है।
मुख्यमंत्री गंधिया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कुल 767 करोड़ रुपए की लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 633 करोड़ रुपए के 82 कार्यों का लोकार्पण और 134 करोड़ रुपए के 60 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
ये कार्य लोक निर्माण, ग्रामीण सड़क, नगरीय प्रशासन, जनजातीय कार्य, जल संसाधन, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और विद्युत वितरण विभागों से संबंधित हैं।