मुरैना। करह धाम पर अंचल के प्रसिद्ध संत बाबा रामरतन दास जी महाराज की पुण्यतिथि (बरसी) पर आस्था का सैलाव उमड़ रहा है। बाबा महाराज की पटिया को नमन कर श्रद्धालु रामधुन में शामिल होने के बाद प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। बाबा पटिया वाले के नाम से प्रसिद्ध संत बाबा रामरतनदास महाराज की पुण्यतिथि (बरसी) पर सिय-पिय मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। इस बार 68वीं बरसी 09 फरवरी को है। इससे पूर्व 2 फरवरी से आरंभ सिय-पिय मिलन समारोह कल 09 फरवरी तक चलता रहेगा। समारोह के आरंभ से ही 15 से 20 हजार श्रद्धालु रामधुन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने के लिये पहुंचना शुरू हो गये हैं। बाबा पटिया वाले के देशभर में लाखों शिष्य, अनुयायी तथा श्रद्धालु हैं। यह सभी इस सिय-पिय मिलन समारोह में धर्मलाभ लेने के साथ-साथ व्यवस्थाओं में भी अपनी भूमिका का निर्वहन करते हैं। समारोह में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई, यह सांतवे दिवस 8 फरवरी को लगभग 6 से 7 लाख तक पहुंच गई है। इन सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण का कार्य लगभग 500 गांवों, मजरा-टोला पुरा के युवा संभाले हुये हैं।