गुना। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष और शिवपुरी-गुना प्रभारी महेश मदुरिया को संगठनात्मक गतिविधियों के तहत गुना प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसका मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति विभाग के नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करना और योग्य उम्मीदवारों के बायोडाटा लेना और उनसे चर्चा करना रहा।
प्रवास के दौरान मदुरिया ने गुना जिले के वर्तमान व पूर्व विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और अजा विभाग के प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात कर रायशुमारी की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ श्वन-टू-वनश् चर्चा करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। मदुरिया ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री एवं जिलाध्यक्ष जयवर्धन सिंह तथा अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार के निर्देश पर गुना में अजा विभाग के अध्यक्ष चयन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। महेश मदुरिया ने भरोसा दिलाया कि संगठन सृजन का काम पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने चयन प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए कहा कि जिन लोगों ने बायोडाटा दिए हैं, उन्हें अगले चरण के लिए भोपाल बुलाया जाएगा। जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद एक सक्रिय टीम गठित होगी, जो गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले जाकर कांग्रेस की विचारधारा का प्रचार करेगी।