चित्तौड़गढ़। 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर यात्रा को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी चित्तौड़गढ़ जिला कार्यालय में रणनीति बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद सी. पी. जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारिक ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सी. पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का अजमेर दौरा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआस्था, विकास और राष्ट्रनिर्माण का उत्सव होगा। उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में जनता प्रधानमंत्री के प्रेरक संबोधन को सुनने अजमेर पहुंचेगी और चित्तौड़गढ़ जिला इस ऐतिहासिक सभा में सबसे अधिक सहभागिता दर्ज कर प्रदेश में मिसाल कायम करेगा।
सांसद जोशी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक अनुशासन, समर्पण और ऊर्जा के साथ इस आयोजन की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता की भूमिका निर्णायक है और चित्तौड़गढ़ के कार्यकर्ता एकजुटता और संकल्प के साथ ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साथ ही उन्होंने पार्टी के आगामी सभी कार्यक्रमों में सक्रिय, जिम्मेदार और निरंतर सहभागिता निभाने का भी आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी ने बैठक में पांचों विधानसभा क्षेत्रों से अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया और कहा कि संगठन की ताकत को जनसमर्थन में बदलना भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता समन्वय, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण, अनुशासन और उत्साह के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, विधानसभा प्रभारी देवी सिंह राणावत, कमलेंद्र सिंह हाड़ा मंचासीन रहे। संचालन जिला महामंत्री कैलाश मंत्री ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सी. पी. नामधराणी, नरेंद्र सिंह राजपूत, जिला मंत्री गोवर्धन जाट, कलीबाई मीणा, कैलाश जाट, पारस वीरवाल, गौपाल चौबे, कोषाध्यक्ष हरीश ईनाणी, प्रवक्ता संजू लड्ढा, दीपक शर्मा, मानवेन्द्र सिंह, आईटी जिला संयोजक नन्दकिशोर लौहार, सोशल मीडिया संयोजक कुलदीप चतुर्वेदी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान भाजपा जिला कार्यालय के कर्मचारी कोमल पाटीदार के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन भी किया गया। पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर शोक संतप्त परिजनों के लिए ईश्वर से शक्ति की प्रार्थना की।