चित्तौड़गढ़। जैन गुरुकुल परिसर में श्री महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतर्गत जैन प्रोफेशनल फोरम द्वारा करियर मार्गदर्शन सेमिनार का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महावीर जैन मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र दोषी, महासचिव सोहन लाल पोखरना, कोषाध्यक्ष नवीन पटवारी, जैन गुरुकुल अध्यक्ष राजेश विरानी, उपाध्यक्ष डॉ. ए.एल. जैन, जैन प्रोफेशनल फोरम के संस्थापक डॉ. आई.एम. सेठिया, मुख्य संयोजक डॉ. अरविंद सांखला सहित अनेक अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंगलाचरण ऋतु पोखरना एवं तुषिता सांखला ने प्रस्तुत किया।
जैन प्रोफेशनल फोरम के मनीष छाजेड़, डॉ. लोकेश जैन, तुषार सुराणा, यश पोखरना एवं कुलदीप मोदी ने अतिथियों का उपरना पहनाकर स्वागत किया। मुख्य संयोजक डॉ. अरविंद सांखला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि वर्तमान युग में भगवान महावीर के सिद्धांतों का अनुसरण कर विद्यार्थी सही दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और आदर्श विचारों के साथ अपनी मंजिल प्राप्त कर सकते हैं।
करियर गाइडेंस सत्र की शुरुआत सीएस तुषिता सिसोदिया सांखला के संबोधन से हुई। उन्होंने बदलते समय में सही करियर चयन के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मार्गदर्शन सही व्यक्ति से और सही समय पर लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “सोते हुए सपने मत देखो, ऐसे सपने देखो जो तुम्हें सोने न दें।”
कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर कपिल नहर ने बताया कि विशेषज्ञ पैनल में सीए प्रतीक कोठारी, सीए पूनीत भड़कत्या, डॉ. अरविंद सांखला, डॉ. आभास भंसाली, इंजीनियर पवन सेठिया, इंजीनियर अजीत जैन, एडवोकेट संदीप सेठिया एवं एडवोकेट जितेश कुमार रांका शामिल थे। सभी विशेषज्ञों ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी, मेडिकल, इंजीनियरिंग तथा विधि/टैक्स कंसल्टेंसी जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं, चुनौतियों और सफलता के सूत्रों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सीए प्रतीक कोठारी एवं सीए पूनीत भड़कत्या ने वित्तीय क्षेत्र में अवसरों की जानकारी दी, वहीं डॉ. अरविंद सांखला एवं डॉ. आभास भंसाली ने चिकित्सा क्षेत्र की संभावनाओं को रेखांकित किया। इंजीनियर पवन सेठिया और इंजीनियर अजीत जैन ने इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं पर मार्गदर्शन दिया। एडवोकेट संदीप सेठिया एवं एडवोकेट जितेश कुमार रांका ने विधि क्षेत्र और टैक्स कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता प्राप्त करने के तरीके बताए।
कार्यक्रम में जैन गुरुकुल के उपप्राचार्य राजेश टेलर, हेमा शर्मा, रीता जैन, रोहित नाहर सहित शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। जैन समाज से रोशन लाल लोढ़ा, डॉ. ज्ञानसागर जैन, डॉ. कनक जैन, राकेश पटवारी, नवयुवक मंडल अध्यक्ष नीलेश पटवारी, सचिव अभिषेक लोढ़ा सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ऋतु पोखरना ने किया तथा मुख्य संयोजक मनीष छाजेड़ ने आभार व्यक्त किया।