शाजापुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शाजापुर जिले के थाना सुनेरा अंतर्गत ग्राम पनवाड़ी में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने किया, जिसमें थाना स्टाफ एवं चौकी पुलिस बल शामिल रहा।
इस दौरान थाना प्रभारी अंकित मुकाती ने बताया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को होली पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाने के लिए जागरूक किया। साथ ही लोगों से असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि होली पर्व के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।