बड़वानी। नांगलवाड़ी में प्रस्तावित कृषि कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने प्रभारी मंत्री गौतम सिंह टेटवाल, राज्यसभा सांसद, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, कलेक्टर जयंती सिंह तथा डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बैठक स्थल और भगोरिया आयोजन स्थल का निरीक्षण किया।
बैठक के लिए श्री भिलट देव उद्यान के लगभग 8 एकड़ क्षेत्र में भव्य व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां पांच बड़े डोम तैयार किए गए हैं, जिनमें कैबिनेट बैठक कक्ष, मीडिया हाउस और भोजनशाला सहित अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। पूरे उद्यान को आकर्षक फूलों से सजाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ 25 से अधिक मंत्रियों की उपस्थिति संभावित है। प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने का दावा किया है और सुरक्षा, यातायात, बैठक संचालन तथा अतिथि सत्कार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।