खरगोन। श्री बीसा नीमा महाजन समाज ट्रस्ट के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ विधि समारोह रविवार को राधाकुंज मांगलिक परिसर में आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि साहित्यकार राकेश राणा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि शपथ दायित्व का बोध कराती है। समाज ने आपको अपने मत से समाज का गौरव बढ़ाते हुए समाज को श्रेष्ठ बनाने के लिए चुना है। समाज के इस भरोसे को कायम रखते हुए समाजहित में काम करना आपकी पहली प्राथमिकता होगी। इसलिए अब आपके पद एवं समाज की प्रतिष्ठा बनाए रखना आपकी नैतिक जिम्मेदारी होगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं निर्वाचन अध्यक्ष बाबूलाल महाजन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। शपथ लेने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवनीत लाल भंडारी नींबू सेठ ने समाजजनों का आभार जताते हुए कहा कि समाजजनों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस भरोसे को कायम रखते हुए समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित सांस्कृतिक, रचनात्मक और बौद्धिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए समाज के हर वर्ग का सर्वांगिण विकास करना प्राथमिकता होगी।