नीमच। शहर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं आवागमन व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा लगातार सड़क निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 22 स्थित कुम्हारा गली से हम्माल मोहल्ले तक डामरीकरण सड़क का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। लगभग 14 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क का निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने मौके पर पहुंचकर किया तथा अधिकारियों एवं ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि शहर में बेहतर सड़कों का नेटवर्क विकसित करने और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता है और नीमच को सुंदर, स्वच्छ एवं विकसित नगर बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन सड़क लगभग 350 मीटर लंबी एवं करीब 5 फीट चौड़ी बनाई जा रही है। क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस दौरान मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष का स्वागत करते हुए सड़क निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त किया। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान पार्षदगण, नगर पालिका कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
----------------