देवास। जिला जेल में बंदियों के जीवन को बेहतर बनाने और सुधारात्मक माहौल देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मध्य प्रदेश के जेल महानिदेशक वरुण कपूर ने देवास जिला जेल पहुंचकर बंदियों के लिए बनाई गई नई कैंटीन का लोकार्पण किया। यह पहल जेल अधीक्षक विद्या भूषण प्रसाद के प्रयासों से संभव हो सकी, जिससे अब बंदियों को जेल परिसर में ही आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
जिला जेल पहुंचने पर डीजी जेल वरुण कपूर का जेल अधीक्षक विद्या भूषण प्रसाद द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं पुरुष बंदियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया और माहौल को भावनात्मक बना दिया।
डीजी जेल वरुण कपूर ने कहा कि जेल केवल सजा का स्थान नहीं बल्कि जीवन में सुधार और नई शुरुआत का अवसर भी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से बंदियों के लिए खाद्य सामग्री की व्यवस्था बंद थी, जिसे अब फिर से शुरू किया जा रहा है। 15 मार्च से बंदी कैंटीन के माध्यम से खाद्य सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।
होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने बंदियों को अपराध से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही बताया कि जेल प्रहरियों के लिए अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान लागू करने, आवास सुविधा बढ़ाने, सभी जेलों में शुद्ध पेयजल, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा के लिए लाइटिंग युक्त फेंसिंग की योजना पर काम किया जा रहा है। वहीं जल्द ही महिला बंदियों के लिए भी ओपन जेल की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है।
कार्यक्रम के दौरान वरुण कपूर ने जेल प्रहरियों से संवाद करते हुए कहा कि बंदियों के साथ अनुशासन के साथ-साथ मानवीय व्यवहार रखना भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि सही मार्गदर्शन और संवेदनशील व्यवहार ही किसी व्यक्ति के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सकता है।
इस दौरान उप जेल अधीक्षक अनिल दूबे, एडिशनल एसपी हरिनारायण बाथम सहित जेल स्टाफ मौजूद रहा।