मंदसौर। जिले के दलौदा स्थित अंबिका नगर में रविवार देर रात दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने तलवार व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घायलों के अनुसार हमलावरों के पास पिस्टल भी होने की बात सामने आई है। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबिका नगर निवासी पूजा के मकान में दो गेट हैं। एक गेट दूसरी ओर खुलता है, जबकि दूसरा पड़ोसी काला राठौर के घर के सामने है। पूजा का आरोप है कि काला राठौर उसे सामने वाला गेट खोलने नहीं देता था, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
रविवार दोपहर पानी का टैंकर आने पर पूजा ने घर के सामने वाला गेट खोल दिया। इसी बात को लेकर काला राठौर की मां दुर्गा और पूजा के बीच कहासुनी व गाली-गलौज हो गई। हालांकि कुछ समय बाद मामला शांत हो गया था।
देर रात साथियों के साथ पहुंचा आरोपी-
पीड़िता पूजा के अनुसार रविवार देर रात काला राठौर अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और मुख्य गेट बजाने लगा। गेट नहीं खोलने पर वह दूसरे गेट से घर में घुस गया और पूजा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पूजा की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां चंदाबाई (38) मौके पर पहुंचीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अनिल मीणा (40) पिता बाबूलाल ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया।
तलवार से हमला, हाथों में गंभीर चोट-
हमले में अनिल मीणा के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए, वहीं उनके सिर और कंधे में भी गंभीर चोटें आई हैं। चंदाबाई के हाथ, कंधे और पीठ पर गहरी चोटें आई हैं। इसके अलावा चंदाबाई की बेटी मनीषा को मामूली चोट लगी, जबकि पूजा के दो वर्षीय पुत्र के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।