खरगोन। शहर की आनंद नगर कपास मंडी में सोमवार दोपहर चना फसल के कम भाव मिलने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के चलते व्यापारियों ने नीलामी बंद कर दी, जिससे किसानों का आक्रोश और बढ़ गया।
किसानों का आरोप है कि सप्ताह की शुरुआत में ही चना के भाव में अचानक 700 से 1000 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट कर खरीदी की जा रही थी। इसके विरोध में किसानों ने कृषि मंडी सचिव कार्यालय के गेट पर ताला जड़ दिया और प्रवेश द्वार पर वाहन खड़े कर दिए।
इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो किसान नारेबाजी करते हुए करीब एक किलोमीटर दूर बावड़ी बस स्टॉप पहुंचे और मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान दोपहिया चालकों से कहासुनी भी हुई, जिसके बाद कई वाहन चालकों ने मार्ग बदलकर गलियों से निकलना उचित समझा।
किसानों के आक्रोश को देखते हुए मंडी प्रशासन और स्थानीय पुलिस स्थिति संभालने में जुटी रही।