नीमच। आगामी होली, धुलेंडी, रंगपंचमी और रमजान त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए नीमच जिले में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, होटल, लॉज और ढाबों की चौकिंग सहित सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की गई है।
01 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में नीमच सिटी, नीमच केंट और बघाना थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया और आमजन से त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सद्भावना के साथ मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, एसडीएम नीमच संजीव साहु, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च आयोजित कर आमजन को त्यौहारों में अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने होलीका दहन एवं धुलेंडी की ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को पुलिस कंट्रोल रूम में ब्रिफिंग देते हुए सावधानी और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और आमजन के साथ सद्व्यवहार बनाए रखने की निर्देशित किया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों द्वारा ड्राय डे का पालन सुनिश्चित करने के लिए अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया और होटल, लॉज व ढाबों की चौकिंग की गई।
नीमच पुलिस ने आमजन, विशेष रूप से युवा वर्ग से अपील की है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या विवादित पोस्ट/संदेश साझा न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।