रतलाम। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि रतलाम जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। रतलाम जिले में अब तक कुल 118 बालिकाओं को टीकाकृत किया जा चुका है। रतलाम जिले में आज 58 बालिकाओं को एच पी वी के टीके लगाए गए। सिविल अस्पताल आलोट में 15, सिविल अस्पताल जावरा में 10, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलोदा में 18, रतलाम में 14 तथा सैलाना में एक बालिका का वैक्सीनेशन किया गया है। रतलाम जिले में बाल चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल आलोट, जावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली , बाजना सैलाना ताल पिपलोदा केंद्रों पर प्रतिदिन वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
3 मार्च मंगलवार को भी सभी केंद्रों पर वैक्सीनेशन की निशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी। रतलाम जिले के सिविल अस्पताल जावरा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ दीपक पलाडिया ने एच पी वी वैक्सीनेशन को कारगर बताते हुए ऐसी सभी बालिकाएं जिन्होंने 14 वां जन्मदिवस मना लिया है और 15 जन्मदिवस नहीं मनाया है सभी से वैक्सीनेशन कराने की अपील की है। बाल चिकित्सालय रतलाम के शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ ए पी सिंह ने बताया कि शासन द्वारा एच पी वी का वैक्सीनेशन कराया जाना सराहनीय पहल है, बाजार में उक्त वैक्सीन की कीमत लगभग 4000 रुपए बताई जाती है। सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से बचाव के लिए सभी अभिभावकों को अपनी बेटी का निःशुल्क वैक्सीनेशन बाल चिकित्सालय रतलाम अथवा नजदीकी केंद्र पर तत्काल करवाना चाहिए। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि टीकाकरण करने के लिए ऑनलाइन यु वीन पोर्टल पर भी बुकिंग की जा सकती है अथवा सीधे टीकाकरण केंद्र पर आकर वैक्सीनेशन कराया जा सकता है। वैक्सीनेशन करने के लिए आयु के प्रमाण संबंधी कोई भी दस्तावेज अथवा स्वयं का आयु संबंधी घोषणा पत्र भी मान्य है। टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होकर निशुल्क है ।