नीमच। भोपाल में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई अंडर-19 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल, नीमच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश में उपविजेता (सिल्वर मेडल) बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में शामिल टीम की सभी 10 खिलाड़ी ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं हैं और इन्वेंशन बास्केटबॉल अकादमी से जुड़ी हुई हैं।
कोच सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। पहले लीग मुकाबले में आर्मी स्कूल महू को 32-10, दूसरे मैच में दिल्ली पब्लिक स्कूल, भोपाल को 30-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में सत्य साईं पब्लिक स्कूल, इंदौर को 35-6 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में माउंट फोर्ट स्कूल, भोपाल को 53-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में आईटीएम ग्लोबल स्कूल, ग्वालियर के खिलाफ टीम को 25-42 से हार का सामना करना पड़ा और वह सिल्वर मेडल के साथ उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में नीमच की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्यल यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'बेस्ट डिफेंडर प्लेयर' का पुरस्कार प्रदान किया गया।
उपविजेता टीम में कप्तान दिव्यल यादव, सलोनी दीवान, गौरांशी शर्मा, आरना कल्याणी, नव्या चौरसिया, ईशाना सैनी, कृतिका प्रजापति, आराध्या बैरागी, कनक और कविशा लासोड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी खिलाड़ी नियमित रूप से स्वर्गीय किशन पाल सिंह एवं सत्येंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने पिछले कई वर्षों से विभिन्न आयु वर्गों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नीमच का गौरव बढ़ाया है।
इस उपलब्धि पर ज्ञानोदय ग्रुप के चेयरमैन अनिल चौरसिया, निर्देशिका डॉ. माधुरी चौरसिया, प्रबंध निदेशक अभिनव चौरसिया, स्कूल निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खुशी पाल सिंह एवं अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट कीर्तिराज सिंह चुंडावत ने टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं इन्वेंशन बास्केटबॉल अकादमी के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।