मनासा। ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और गर्मियों से पहले व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत सभाकक्ष, मनासा में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में पेयजल की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि आम जनता को पानी के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
पंचायतवार समीक्षा और त्वरित समाधान के निर्देश
बैठक में विधायक मारू ने एक-एक कर ग्राम पंचायतों में पेयजल वितरण की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विधायक ने निर्देश दिए कि जहाँ भी तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से जल आपूर्ति बाधित है, वहाँ युद्ध स्तर पर कार्य कर त्वरित समाधान निकाला जाए।
गंगा बावड़ी पेयजल संकट, विधायक का कड़ा रुख
समीक्षा के दौरान गंगा बावड़ी क्षेत्र में पेयजल वितरण में आ रही गंभीर अव्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए विधायक मारू ने अधिकारियों को 7 दिनों की समयसीमा निर्धारित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर गंगा बावड़ी की पेयजल व्यवस्था सुचारू की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को दी नसीहत
विधायक ने कहा ग्रामीणों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भटकना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें और फील्ड पर उतरकर समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने विभागीय समन्वय पर भी जोर देते हुए कहा कि संबंधित विभाग आपसी सामंजस्य से कार्य करें ताकि समयसीमा में लक्ष्य पूरा हो सके।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में अनुभागीय अधिकारी किरण आंजना, जनपद सीईओ, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, कैलाश पुरोहित, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्याम वसीटा, आनंद श्रीवास्तव सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।